READING MODE
20


|| भजन ||

सज रहे भोले बाबा निराले दूल्हे में ।

निराले दूल्हे में, मतवाले दूल्हे में ॥

सज रहे भोले बाबा निराले दूल्हे में ॥


अरे देखो भोले बाबा की अजब है बात,

चले हैं संग ले कर के भूतों की बरात ।

सज रहे भोले बाबा निराले दूल्हे में ॥


भेस निराला, जय हो ।

पीए भंग का प्याला, जय हो ॥

सर जटा चढ़ाये, जय हो ।

तन भसम लगाए, जय हो ॥

ओढ़ी मृगशाला, जय हो ।

गले नाग की माला, जय हो ॥

है शीश पे गंगा, जय हो ।

मस्तक पे चंदा, जय हो ॥

तेरे डमरू साजे, जय हो ।

त्रिशूल विराजे, जय हो ॥


भूतों की ले कर टोली चले हैं ससुराल,

शिव भोले जी दिगंबर हो बैल पे सवार ।

सज रहे भोले बाबा निराले दूल्हे में ॥


नित रहें अकेले शंकर अलबेले,

हैं गुरु जगत के नहीं किसी के चेले ।

है भांग का जंगल जंगल में मंगल,

भूतों की पल्टन आ गयी है बन ठन ॥


ले भांग का कट्ठा,

ले कर सिल वट्टा ।

सब घिस रहे हैं,

हो हक्का बक्का ॥

पी कर के प्याले,

हो गए मतवाले ।

कोई नाचे गावे,

कोई ढोल बजावे ॥

कोई भौं बतावे,

कोई मुँह पिचकावे ॥


भोले भंडारी पहुँचे ससुरारी,

सब देख के भागे,

सब नर और नारी ॥

कोई भागे अगाड़ी,

कोई भागे पिछाड़ी ।

खुल गयी किसी की,

धोती और साड़ी ॥

कोई कूदे खम्बम,

कोई बोले बम बम ।

कोई कद का छोटा,

कोई एकदम मोटा ॥

कोई तन का लम्बा,

कोई ताड़ का खम्बा ।

कोई है इक टंगा,

कोई बिलकुल नंगा ॥

कोई एकदम काला,

कोई दो सर वाला ॥


'शर्मा' गुण गाए,

मन में हर्षाए ।

त्रिलोक के स्वामी,

क्या रूप बनाए ॥

भोले के साथी,

हैं अजब बाराती ॥


भूतों की ले कर टोली चले हैं ससुराल,

शिव भोले जी दिगंबर हो बैल पे सवार ।

सज रहे भोले बाबा निराले दूल्हे में ॥