तेरी छाया में, तेरे चरणों में,
मगन हो बैठूँ, तेरे भक्तों में ॥
तेरे दरबार में मैया खुशी मिलती है,
जिंदगी मिलती है रोतों को हँसी मिलती है ॥
इक अजब सी मस्ती तन मन पे छाती है,
हर इक जुबां तेरे ओ मैया गीत गाती है ।
बजते सितारों से मीठी पुकारों से,
गूँजे जहाँ सारा तेरे ऊँचे जयकारों से ॥
मस्ती में झूमे तेरा दर चूमे,
तेरे चारों तरफ दुनिया ये घूमे ।
ऐसी मस्ती भी भला क्या कहीं मिलती है,
तेरे दरबार में मैया खुशी मिलती है ॥
मेरी शेरों वाली माँ तेरी हर बात अच्छी है,
करनी की पूरी है माता मेरी सच्ची है ।
सुख-दुख बँटाती है अपना बनाती है,
मुश्किल में बच्चे को माँ ही काम आती है ॥
रक्षा करती है भक्त अपने की,
बात सच्ची करती उनके सपनों की ।
सारी दुनिया की दौलत यहीं मिलती है,
तेरे दरबार में मैया खुशी मिलती है ॥
रोता हुआ आये जो हँसता हुआ जाता है,
मन की मुरादों को वो पाता हुआ जाता है ।
किस्मत के मारों को रोगी बीमारों को,
कर दे भला चंगा मेरी माँ अपने दुलारों को ॥
पाप कट जाये चरण छूने से,
महकती है दुनिया माँ धुने से ।
फिर तो माँ ऐसी कभी क्या कहीं मिलती है,
तेरे दरबार में मैया खुशी मिलती है ॥